रायपुर :- छत्तीसगढ़ के वाहन मालिकों के लिए जरूरी खबर है। अगर आपकी गाड़ी 1 अप्रैल 2019 से पहले पंजीकृत है, तो उसमें हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) लगवाना अनिवार्य है। अम्बिकापुर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय ने वाहन मालिकों से 30 नवंबर 2026 तक HSRP नंबर प्लेट लगवाने की अपील की है। तय समय सीमा के बाद 1 दिसंबर से बिना HSRP नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।

पुराने वाहनों में HSRP लगवाना जरूरी

परिवहन विभाग के निर्देशानुसार 1 अप्रैल 2019 से पहले पंजीकृत सभी वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवानी होगी। यह व्यवस्था केंद्रीय मोटरयान अधिनियम 1988 और केंद्रीय मोटरयान नियम 1989 के प्रावधानों के तहत लागू की गई है।

1 दिसंबर से शुरू होगी कार्रवाई

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अम्बिकापुर ने स्पष्ट किया है कि 30 नवंबर के बाद बिना HSRP नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में वाहन मालिकों को समय रहते नंबर प्लेट लगवाने की सलाह दी गई है।

वाहन मालिकों से नियमों का पालन करने की अपील

परिवहन विभाग ने सभी संबंधित वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना अपने वाहनों में HSRP लगवा लें, ताकि आगे किसी तरह की परेशानी या चालानी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।