रायपुर :- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज भोपाल दौरे पर रवाना हो गए। रवाना होने से पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत की और प्रदेश में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 नवंबर से प्रदेश में धान खरीदी शुरू होगी और इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार धान खरीदी को लेकर पूरी तरह तैयार है। किसानों से धान खरीदने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार 15 नवंबर से प्रदेशभर में धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू होगी।

15 नवंबर को धरमजयगढ़ में होगा जनजातीय गौरव दिवस समारोह

जनजातीय गौरव दिवस को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ में भी राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह समारोह रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में होगा। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे।

शिवराज सिंह चौहान की माता के तेरहवीं कार्यक्रम में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भोपाल में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की दिवंगत माता के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि वे इस कार्यक्रम में पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे और श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे के कार्यक्रम के अनुसार, वे भोपाल प्रवास के बाद दोपहर में रायपुर लौटेंगे।