रायपुर :- छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बिहार उपचुनाव, छठ पर्व, धान खरीदी, जनगणना-2027 और भिलाई नगर निगम की मतदाता सूची को लेकर सरकार और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाए। बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि आज चुनाव हो जाएं तो भाजपा एक इनोवा में ही आ जाएगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा सरकार की स्थिति ठीक नहीं है।

नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ दौरे पर कसा तंज

भूपेश बघेल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर को छठ पर्व है, लेकिन नितिन नवीन बिहार नहीं जा रहे हैं। बिहार उपचुनाव में हार क्या मिली, उन्हें छत्तीसगढ़ आना पड़ गया। भाजपा की स्थिति पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को केवल ज्ञानेश कुमार ही जीता सकते हैं। अगर ज्ञानेश कुमार रहेंगे तो भाजपा 90 में 91 सीटें जीत जाएगी।

धान खरीदी को लेकर सरकार से मांगा श्वेत पत्र

धान खरीदी के मुद्दे पर भी भूपेश बघेल ने राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रति एकड़ आदान सहायता देना कांग्रेस की योजना को ही आगे बढ़ाना है। भाजपा ने आखिरकार कांग्रेस की नीति पर पलटी मारी है। बघेल के मुताबिक, धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू हो जानी चाहिए थी, लेकिन सरकार की तैयारी अधूरी दिखाई दे रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आदान सहायता के नाम पर किसानों को झुनझुना पकड़ा दिया जा रहा है और सरकार किसानों से पूरा धान खरीदना नहीं चाहती। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि क्या पर्याप्त बारदाने और खरीदी केंद्रों में जगह की व्यवस्था कर ली गई है? क्या किसानों को भुगतान करने के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध है? क्या राइस मिलर्स ने पिछले साल का पूरा चावल जमा कर दिया है? यदि ऐसा नहीं हुआ है तो धान के उठाव के लिए डीओ कैसे जारी होगा?

बघेल ने कहा कि धान खरीदी को लेकर सरकार की ओर से कोई स्पष्ट व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार धान खरीदी की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर श्वेत पत्र जारी करे।

जनगणना-2027 को लेकर केंद्र सरकार पर लगाए आरोप

पूर्व मुख्यमंत्री ने जनगणना-2027 को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। बघेल ने आरोप लगाया कि जाति जनगणना के मामले में प्रधानमंत्री झूठ बोल रहे हैं और राजपत्र में जाति जनगणना का उल्लेख नहीं है। उन्होंने कहा कि ओबीसी वर्ग को जनगणना से बाहर रखा गया है। बघेल ने मांग की कि एससी-एसटी के साथ ओबीसी वर्ग की भी गणना होनी चाहिए।

भिलाई की मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप

भिलाई नगर निगम चुनाव को लेकर भूपेश बघेल ने मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भिलाई निगम क्षेत्र में नए मतदाताओं के नाम सूची में नहीं जोड़े गए हैं। उनके अनुसार, भिलाई नगर निगम क्षेत्र के 5 हजार से अधिक नए मतदाता सूची से बाहर हैं, जबकि पूरे प्रदेश में यह संख्या करीब 25 हजार है।

बघेल ने आरोप लगाया कि जेन-जी मतदाताओं के साथ निर्वाचन आयोग ने बड़ा षड्यंत्र किया है। उन्होंने मांग की कि छूटे हुए नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएं। पूर्व मुख्यमंत्री की इस प्रेसवार्ता में धान खरीदी से लेकर जनगणना और मतदाता सूची तक कई मुद्दों पर राज्य और केंद्र सरकार को घेरा गया। उनके बयानों से प्रदेश की सियासत में एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।