लोरमी :- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के गृहग्राम डिंडौरी पहुंचे। आजादी के बाद यह पहला मौका बताया जा रहा है, जब किसी मुख्यमंत्री ने इस गांव का दौरा किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक नृत्य और रामधुन के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान सीएम ने मुंगेली जिले को 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया।

कंतेली में शुरू हुआ नया महाविद्यालय

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू अपने बचपन और संघर्ष के दिनों को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि वह अपने गृहग्राम डिंडौरी से प्रतिदिन पैदल चलकर ग्राम कंतेली में स्कूली पढ़ाई करने जाते थे। इसी क्षेत्र से मिली शिक्षा ने उनके जीवन की नींव तैयार की।

अब उसी कंतेली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने नवीन महाविद्यालय का शुभारंभ किया। तोखन साहू ने कहा कि कंतेली में महाविद्यालय शुरू होना उनके लिए गौरव और भावनात्मक क्षण है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.

5 करोड़ रुपये से मॉडल स्कूल बनेगा तोखन साहू का पुराना स्कूल

तोखन साहू ने बताया कि जिस स्कूल में उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा हासिल की थी, उसे मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत कराए गए हैं। इसकी टेंडर प्रक्रिया जारी है। योजना के तहत स्कूल में डिजिटल कक्षाएं, आधुनिक प्रयोगशालाएं और खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए स्कूल में बाउंड्रीवॉल का निर्माण पहले ही कराया जा चुका है।

पहली बार मुख्यमंत्री के पहुंचने पर डिंडौरी में उत्सव जैसा माहौल

कंतेली में आयोजित कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के गृहग्राम डिंडौरी पहुंचे। आजादी के बाद पहली बार किसी मुख्यमंत्री के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने पारंपरिक सुआ नृत्य और रामधुन की प्रस्तुतियों के साथ उनका स्वागत किया।

इस दौरान तोखन साहू के परिजनों ने मुख्यमंत्री की आरती उतारी और पुष्पवर्षा की। मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय राज्य मंत्री के पिता बलदाऊ साहू को प्रणाम कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने बड़ी अम्मा रामबाई से आत्मीय मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।