रायपुर :- बंगाल की खाड़ी में बना नया मौसमी सिस्टम लगातार आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, यह 14 नवंबर को स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। इसके बाद 15 नवंबर की सुबह तक अवदाब बनने और 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है। इस सिस्टम का असर आगे चलकर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ सकता है।
फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में भी विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। वहीं, 15 नवंबर से प्रदेश में धान खरीदी शुरू होने वाली है। ऐसे में मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों और धान खरीदी केंद्रों को सतर्क रहने की जरूरत है।
कैसा रहा पिछले 24 घंटे का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहा। प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 11 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के किसी भी हिस्से के लिए फिलहाल बारिश की चेतावनी जारी नहीं की है। अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी में तेजी से सक्रिय हो रहा सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार, 13 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे तक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय था। इससे जुड़ा ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।
यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। 14 नवंबर को इसके स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदलने, 15 नवंबर की सुबह तक अवदाब बनने और 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है। इसके उत्तर की ओर बढ़ने पर छत्तीसगढ़ के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
CG Weather Today: प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
| रायपुर | 30°C | 16°C |
| बिलासपुर | 30°C | 16°C |
| दुर्ग | 30°C | 16°C |
| राजनांदगांव | 30°C | 17°C |
| पेंड्रा रोड | 28°C | 14°C |
| अंबिकापुर | 27°C | 11°C |
| सूरजपुर | 28°C | 12°C |
| जगदलपुर | 29°C | 14°C |


