नई दिल्ली :- भारत का व्यापार घाटा (India Trade Deficit) अक्टूबर में बढ़कर 39.88 अरब डॉलर पहुंच गया। सितंबर में यह 30.21 अरब डॉलर था। यानी एक महीने में व्यापार घाटे में करीब 32 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसकी बड़ी वजह आयात में तेज उछाल रही। खास बात यह है कि अक्टूबर में भारत का सामान निर्यात रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, लेकिन आयात का बिल उससे कहीं ज्यादा रहा। वाणिज्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में भारत ने 49.47 अरब डॉलर का सामान विदेशों में निर्यात किया, जबकि 89.35 अरब डॉलर का सामान आयात किया। सालाना आधार पर निर्यात में 45.06 प्रतिशत और आयात में 16.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सोने के आयात में तीन गुना से ज्यादा बढ़ोतरी
अक्टूबर में सोने का आयात बढ़कर 5.51 अरब डॉलर हो गया, जबकि सितंबर में यह 1.80 अरब डॉलर था। यानी एक महीने में सोने के आयात पर खर्च तीन गुना से ज्यादा बढ़ गया। दिवाली से पहले ज्वेलर्स और ग्राहकों की ओर से खरीदारी बढ़ने को इसकी प्रमुख वजह माना जा रहा है। इसके अलावा कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों के आयात पर भी खर्च बढ़ा। अक्टूबर में पेट्रोलियम आयात 22.82 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले 54.31 प्रतिशत ज्यादा है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में बाधाओं के कारण आयात लागत पर दबाव बना हुआ है।
रिकॉर्ड निर्यात के बावजूद क्यों बढ़ा व्यापार घाटा?
अक्टूबर में भारत का सामान निर्यात 49.47 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इंजीनियरिंग सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स, रत्न एवं आभूषण और केमिकल के निर्यात में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
रत्न एवं आभूषण का निर्यात 40.06 प्रतिशत बढ़कर 3.21 अरब डॉलर हो गया। वहीं, इंजीनियरिंग सामान का निर्यात 36.01 प्रतिशत बढ़कर 12.74 अरब डॉलर पहुंच गया। इसके बावजूद व्यापार घाटा बढ़ा, क्योंकि इसी दौरान सामान का आयात 89.35 अरब डॉलर तक पहुंच गया। सितंबर के मुकाबले आयात में करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। यानी निर्यात में रिकॉर्ड वृद्धि के बाद भी आयात की रकम निर्यात से काफी ज्यादा रही।
अप्रैल-अक्टूबर में कुल व्यापार घाटा 93.35 अरब डॉलर
चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों यानी अप्रैल से अक्टूबर के दौरान भारत का कुल निर्यात (सामान और सेवाएं) 568.84 अरब डॉलर रहा। वहीं, इस अवधि में कुल आयात 662.19 अरब डॉलर तक पहुंच गया। इस तरह सामान और सेवाओं को मिलाकर कुल व्यापार घाटा 93.35 अरब डॉलर रहा। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 83.25 अरब डॉलर था। यानी सालाना आधार पर कुल व्यापार घाटे में भी बढ़ोतरी हुई है।
सेवाओं के कारोबार में भारत को 19.79 अरब डॉलर का सरप्लस
अक्टूबर में सेवाओं का निर्यात 40.51 अरब डॉलर और आयात 20.72 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। इस तरह सेवाओं के कारोबार में भारत को 19.79 अरब डॉलर का सरप्लस मिला।
सेवाओं के निर्यात से होने वाली यह अतिरिक्त कमाई सामान के व्यापार में हुए घाटे के असर को कुछ हद तक कम करती है।
व्यापार घाटा क्या होता है?
जब कोई देश विदेशों से सामान खरीदने यानी आयात पर जितना पैसा खर्च करता है, उससे कम कमाई दूसरे देशों को सामान बेचकर यानी निर्यात से करता है, तो इस अंतर को व्यापार घाटा (Trade Deficit) कहते हैं।
भारत के मामले में कच्चा तेल, सोना, इलेक्ट्रॉनिक्स और मशीनरी जैसे उत्पादों का आयात व्यापार घाटे को बढ़ाने में भूमिका निभाता है। वहीं, सेवाओं के निर्यात से होने वाली कमाई इस घाटे के असर को कुछ कम करने में मदद करती है।


