रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर श्रमवीरों, शिल्पकारों, कारीगरों, अभियंताओं, तकनीशियनों तथा उद्योग एवं निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोगों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजनशीलता, कौशल, कर्मनिष्ठा और उत्कृष्टता के प्रतीक हैं। श्रमिकों और कारीगरों का परिश्रम प्रदेश के विकास की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि परंपरागत कौशल के साथ आधुनिक तकनीक को अपनाकर छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की दिशा में आगे बढ़ना होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित मुख्यमंत्री निवास के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


