रायपुर :- गणेश उत्सव के दौरान शहर में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। शहर के प्रमुख गणेश पंडालों, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है।

DCP ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा तकनीक और मैदानी पुलिस व्यवस्था का समन्वय करते हुए ट्रैफिक को व्यवस्थित रखने का प्रयास किया जा रहा है। ड्रोन से मिलने वाली रियल टाइम जानकारी के आधार पर भीड़ और यातायात दबाव वाले क्षेत्रों की पहचान की जा रही है।

जहां भी जाम या अधिक यातायात दबाव की स्थिति बन रही है, वहां आवश्यकता के अनुसार यातायात पुलिस बल की तैनाती और पुनर्स्थापना की जा रही है। इसके साथ ही वैकल्पिक मार्गों और डायवर्जन व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू करने में भी ड्रोन निगरानी से मदद मिल रही है।

गणेश उत्सव के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति में पुलिस की टीमों के बीच त्वरित समन्वय और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को दर्शन और उत्सव के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और शहर की यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे।

वहीं, रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने गणेश उत्सव समितियों और आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने लोगों से पंडालों और प्रमुख मार्गों के आसपास अनावश्यक रूप से वाहन पार्क नहीं करने और यातायात मार्ग को बाधित न करने की अपील की है।

साथ ही, समितियों के स्वयंसेवकों से यातायात पुलिस के साथ समन्वय कर भीड़ और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने में सहयोग करने को कहा गया है। एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता हमेशा खुला रखने की भी अपील की गई है।

गणेश उत्सव के दौरान आस्था, सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था के बीच बेहतर समन्वय के लिए रायपुर पुलिस द्वारा तकनीक के साथ-साथ पर्याप्त पुलिस बल की भी तैनाती की जा रही है।

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस का संदेश साफ है—गणेश उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाएं, लेकिन यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग भी करें।