रायपुर :- रायपुर कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल जोन श्री तारकेश्वर पटेल ने सिविल लाइन और तेलीबांधा क्षेत्र के होटल एवं बार संचालकों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए। बैठक का उद्देश्य होटल-बार परिसरों में निगरानी मजबूत करना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति में पुलिस को तत्काल सूचना सुनिश्चित करना रहा।
डीसीपी ने निर्देश दिया कि होटल में कमरा देने से पहले हर गेस्ट का वैध पहचान पत्र और मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से रिकॉर्ड किया जाए। रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए और विदेशी नागरिकों के ठहरने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित थाने को सूचना दी जाए। होटल और बार परिसरों में CCTV कैमरे चालू रखने और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिए गए।
बार और रेस्टोरेंट संचालकों को निर्धारित समय का सख्ती से पालन करने को कहा गया। बिना वैध लाइसेंस वाले प्रतिष्ठानों में शराब परोसने या सेवन की अनुमति नहीं होगी। हुक्का और अन्य नशीले पदार्थों पर प्रतिबंध के साथ नाबालिगों के प्रवेश पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा के लिहाज से पार्किंग को व्यवस्थित रखने और सार्वजनिक रास्तों पर वाहन खड़े नहीं करने को कहा गया। किसी भी तरह की देह व्यापार संबंधी गतिविधि पर पूरी तरह रोक रखने, धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले आयोजन से बचने और विशेष आयोजनों में सेलिब्रिटी या विशिष्ट अतिथि बुलाने से पहले पुलिस को आवश्यक सूचना एवं अनुमति की प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश दिए गए।
डीसीपी ने होटल एवं बार संचालकों से कहा कि विवाद, लड़ाई-झगड़े या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल 112 या संबंधित थाना पुलिस को दी जाए। फायर सेफ्टी उपकरणों को चालू और उपयोग योग्य रखने के साथ महिला सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने संचालकों से नियमों का पालन करने और पुलिस के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने की अपील की।


