रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में तीन दिवसीय ‘इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026’ का शुभारंभ किया। इस आयोजन में देशभर के 300 से अधिक एमएसएमई उद्यमी शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उद्यमियों का स्वागत करते हुए छत्तीसगढ़ में उपलब्ध निवेश की संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ पारंपरिक उद्योगों के साथ नई अर्थव्यवस्था और भविष्य के उद्योगों की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार आईटी, सेमीकंडक्टर, फार्मा, टेक्सटाइल और ग्रीन एनर्जी जैसे नए सेक्टरों को बढ़ावा दे रही है। करीब 1100 करोड़ रुपये की सेमीकंडक्टर परियोजना पर काम शुरू होना राज्य में बदलते औद्योगिक परिदृश्य का उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के जरिए निवेश प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जा रहा है। सरकार उद्योगों के लिए ‘एक्सीलरेटर’ की भूमिका निभाते हुए निवेश प्रस्ताव से लेकर परियोजना की स्थापना तक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से प्रक्रियाओं को आसान बनाने और उद्योगों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खनिज, ऊर्जा, वन संपदा, मानव संसाधन और देश के मध्य में स्थित होने का भौगोलिक लाभ राज्य की बड़ी ताकत है। स्थानीय संसाधनों के वैल्यू एडिशन के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार की औद्योगिक रणनीति का अहम हिस्सा है। एमएसएमई और स्टार्टअप को भी इस दिशा में महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने औद्योगिक मेले के विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और उद्यमियों से उनके उत्पादों, तकनीकों एवं नवाचारों की जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव और उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने भी आयोजन को प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। मेले में उद्यमियों को नए व्यावसायिक संपर्क, तकनीकी ज्ञान और निवेश की संभावनाओं पर संवाद का अवसर मिल रहा है।