रायपुर :- छत्तीसगढ़ में शनिवार से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर उमस भरी गर्मी के बाद शाम को झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को राहत मिली।
मौसम विभाग के मुताबिक 19 सितंबर की शाम के आसपास उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेश में मानसून फिर रफ्तार पकड़ सकता है और कई इलाकों में बारिश का दौर तेज हो सकता है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पथरिया में 4 सेंटीमीटर, सूरजपुर और बम्हनीडीह में 3-3 सेंटीमीटर, जबकि उसूर, जनकपुर-भरतपुर, बागबहरा और करतला में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
तापमान की बात करें तो शुक्रवार को राजनांदगांव में सबसे अधिक 34 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहा। राजधानी रायपुर में 19 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 34 डिग्री, न्यूनतम 26 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका है। अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। ऐसे में गरज-चमक के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


