रायपुर :- रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर वर्चुअल साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में सीएसपीडीसीएल के अधिकारी और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कलेक्टर ने योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बिजली विभाग को निर्देश दिया कि सभी शासकीय कार्यक्रमों में स्टॉल लगाकर आम लोगों को पीएम सूर्य घर योजना की जानकारी दी जाए। वहीं बैंकों को आवेदन सोर्सिंग बढ़ाने और लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ लेने में किसी तरह की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी आवेदन को बिना ठोस कारण के अस्वीकृत न किया जाए।
यदि किसी आवेदन को किसी कारण से निरस्त किया जाता है, तो आवेदक को अस्वीकृति का स्पष्ट कारण बताना अनिवार्य होगा। कलेक्टर ने कहा कि योजना के तहत आम नागरिकों को लाभ प्राप्त करने और ऋण लेने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन ने बैंक, सीएसपीडीसीएल और वेंडरों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने योजना की स्वीकृति, ऋण वितरण और सोलर इंस्टॉलेशन की साप्ताहिक समीक्षा जारी रखने की बात कही। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


