रायपुर :- भारत और वेस्टइंडीज के बीच 11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में होने वाले टी-20 मुकाबले के लिए टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग 25 सितंबर से शुरू होगी। मैच शाम 7 बजे खेला जाएगा। क्रिकेट फैंस डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो की वेबसाइट या ऐप के जरिए टिकट बुक कर सकेंगे।

मैच देखने के लिए दर्शकों को कम से कम 1000 रुपये खर्च करने होंगे। वहीं पैवेलियन टिकट की कीमत 12 हजार 500 रुपये तय की गई है। बाकी कैटेगरी के टिकटों की कीमत एमपीसीए की ओर से जल्द जारी की जाएगी।

टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए एक व्यक्ति अधिकतम चार टिकट ही खरीद सकेगा। ऐसे में मैच देखने की तैयारी कर रहे क्रिकेट प्रेमियों को टिकट बुकिंग शुरू होते ही अपनी टिकट सुरक्षित करने का मौका मिलेगा।

भारत-वेस्टइंडीज टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 6 अक्टूबर को लखनऊ में, दूसरा 9 अक्टूबर को रांची में और तीसरा मैच 11 अक्टूबर को इंदौर में खेला जाएगा। इसके बाद चौथा मुकाबला 14 अक्टूबर को हैदराबाद और पांचवां मैच 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में होगा।

भारतीय टीम की घोषित सूची में श्रेयस अय्यर कप्तान, तिलक वर्मा उपकप्तान, जबकि ईशान किशन और संजू सैमसन विकेटकीपर के रूप में शामिल हैं। टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव भी शामिल हैं।