रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि समय पर पहचान, रोकथाम और मरीज का मनोबल बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। मरीज को यह भरोसा दिलाना आवश्यक है कि इस कठिन लड़ाई में वह अकेला नहीं है। चिकित्सकों का संवेदनशील व्यवहार तथा परिवार और समाज का भावनात्मक सहयोग मरीज का हौसला बढ़ाता है। मुख्यमंत्री ने यह बात नवा रायपुर स्थित मेफेयर में बालको मेडिकल सेंटर द्वारा आयोजित चौथे बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 के शुभारंभ अवसर पर कही।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शुरुआती अवस्था में कैंसर की पहचान होने पर प्रभावी उपचार की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने विशेषज्ञों से ऐसी आधुनिक तकनीकों, अनुसंधानों और उपायों पर विचार करने का आग्रह किया, जिससे कैंसर की जल्द पहचान हो और उपचार अधिक सस्ता एवं सुलभ बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है। नवा रायपुर में लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में 5 हजार बिस्तरों की क्षमता वाली मेडिसिटी विकसित की जा रही है, जो आधुनिक और सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनेगी।
उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाई किसी जरूरतमंद के उपचार में बाधा न बने, इसके लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता दी जा रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपए तक तथा मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को 25 लाख रुपए तक की उपचार सहायता मिल रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत लगभग 34 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई है, जबकि करीब 40 हजार लोगों में बीमारी की पहचान के बाद उन्हें उपचार से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में कैंसर मरीजों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार किया जाएगा। राज्य में कैंसर को नोटिफाई करने का निर्णय लिया गया है, जिससे मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का बेहतर संधारण हो सकेगा। उन्होंने बताया कि बालको मेडिकल सेंटर और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 500 से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए हैं। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण को मिशन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग और रोकथाम के उपायों के माध्यम से कैंसर की पहचान शुरुआती चरण में करने पर जोर है।
‘Restoring Balance to Cancer Care’ थीम पर आयोजित कॉन्क्लेव में 200 से अधिक राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ कैंसर की रोकथाम, स्क्रीनिंग, उपचार, अनुसंधान और चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवाचारों पर मंथन कर रहे हैं। इस वर्ष स्त्री रोग संबंधी कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर पर विशेष चर्चा की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कॉन्क्लेव में कैंसर जागरूकता, प्रारंभिक पहचान, स्क्रीनिंग और उपचार की नवीन तकनीकों से संबंधित स्टॉलों का अवलोकन किया तथा सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर देश-विदेश से आए चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य विशेषज्ञ उपस्थित रहे।


