रायपुर :- महाराज इन्द्रेश जी के श्रीमुख से होने वाली श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में कल कथा स्थल पर एक भव्य बैठक आयोजित की गई, जिसमें रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत एवं रायपुर शहर जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर विशेष रूप से शामिल हुए। बैठक में आयोजन की तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा जिम्मेदार सेवादारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कथा का आयोजन कृषि उपज मंडी ग्राउंड, देवेन्द्र नगर में किया जा रहा है। शहर के साथ-साथ बाहर से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके, इसके लिए विशाल वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है। कथा स्थल पर पार्किंग, शीतल पेयजल, सुरक्षा, बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। बड़े प्रोजेक्टर एवं साउंड सिस्टम की भी व्यवस्था की गई है, ताकि दूर बैठे श्रद्धालु भी कथा का सहजता से श्रवण कर सकें और मंच पर होने वाले कार्यक्रमों का आनंद ले सकें।
आयोजन को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी सेवादारों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। आयोजन समिति एवं स्वागत समिति के सदस्यों का नामांकन भी किया जा चुका है। प्रमुख सेवादार गुंजन प्रजापति सहित अन्य सेवादारों को श्रद्धालुओं की सुविधा, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में इन सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर उन्हें समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया।
श्रीमद् भागवत कथा में मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, शहर के विशिष्टजन, श्रद्धालुजन एवं मीडिया सहित विभिन्न वर्गों के लोगों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन समिति द्वारा अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के स्वागत और सुविधा के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। विधायक राजेश मूणत एवं रायपुर शहर जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर की मौजूदगी में हुई बैठक को लेकर आयोजन से जुड़े सेवादारों में भी उत्साह देखा गया।
सामाजिक समरसता के ध्वजवाहक इन्द्रेश जी महाराज के श्रीमुख से कथा श्रवण को लेकर धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण है। कथा में सेवा के लिए बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी स्वेच्छा से आगे आकर अपनी सेवाएं देने की इच्छा जता रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि कथा में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक और भक्तिमय वातावरण मिल सके।


