रायपुर :- उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा की यात्रा सेवा, सुशासन और संकल्प की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आधुनिक और विकसित भारत के शिल्पकार हैं तथा उनकी प्राथमिकता हमेशा समाज के वंचित वर्ग के उत्थान और अंत्योदय पर रही है। उनके नेतृत्व में अधोसंरचना को विकास और रोजगार का मजबूत आधार बनाया गया है। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास के लिए 35,766 करोड़ और राज्य मार्गों व प्रमुख पुलों के निर्माण के लिए 4,468 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। रायपुर-विशाखापट्टनम, रायपुर-बिलासपुर-कटघोरा, नागपुर-संबलपुर और रायपुर-दुर्ग बायपास जैसी परियोजनाओं से प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है।
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में करीब 51 हजार करोड़ रुपए की लागत से रेलवे सुविधाओं के विस्तार पर काम हो रहा है। जगदलपुर-रावघाट रेल परियोजना बस्तर के जनजातीय समाज के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। उन्होंने कहा कि सड़कों को विकास की जीवनरेखा मानते हुए सरकार गांव, कस्बों, औद्योगिक क्षेत्रों और दूरस्थ अंचलों को बेहतर संपर्क से जोड़ने के लिए सड़क, पुल और भवन निर्माण के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। वर्ष 2030 तक प्रदेश में रेल नेटवर्क के बढ़कर 2200 रूट किलोमीटर होने की बात भी उन्होंने कही।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तक स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री के जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचाने के साथ जलस्रोतों की स्थिरता, जल संरक्षण और भूजल संवर्धन पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के लिए शहरों का विकास भी जरूरी है। स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और अमृत मिशन की दिशा में नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
अरुण साव ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को खेल, कौशल, नवाचार और नेतृत्व से जोड़कर राष्ट्र निर्माण के केंद्र में रखा है। छत्तीसगढ़ में खेल अधोसंरचना मजबूत करने, प्रतिभाओं को अवसर देने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। बस्तर जैसे जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ युवाओं को कौशल, स्टार्टअप, नई तकनीक और रोजगार से जोड़ने पर भी ध्यान दिया जा रहा है, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा के लिए प्रदेश से बाहर जाने की मजबूरी न हो।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और छत्तीसगढ़ को दशकों पुरानी नक्सल समस्या से निर्णायक मुक्ति की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा है और इसी संकल्प के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ की कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रधानमंत्री के संकल्पों को छत्तीसगढ़ की धरती पर साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ अपनी पूरी क्षमता के साथ विकसित भारत की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


