रायपुर :- महाराज इंद्रेश जी के श्रीमुख से होने वाली श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर 21 सितंबर को प्रातः 10 बजे श्री राम जानकी मंदिर, कृषि उपज मंडी के सामने, देवेंद्र नगर से भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी। गाजे-बाजे एवं संकीर्तन के साथ प्रारंभ होने वाली यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल, मंडी ग्राउंड, देवेंद्र नगर पहुंचेगी।

आयोजन समिति के मुख्य सेवादार गुंजन प्रजापति ने बताया कि मंगल कलश यात्रा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। रायपुर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से मातृशक्ति एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालु बड़ी संख्या में इस पावन यात्रा में शामिल होंगे। उन्होंने माताओं एवं बहनों से विशेष रूप से पीले रंग की साड़ी धारण कर यात्रा में सम्मिलित होने का सादर आग्रह किया है।

मंगल कलश यात्रा में रायपुर के सभी समाजों की सहभागिता देखने को मिलेगी। विभिन्न समाजों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में एकजुट होकर इस धार्मिक आयोजन में शामिल होंगे। यात्रा को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं, जिससे पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण निर्मित होगा।

कलश यात्रा में हाथी, घोड़े, ऊंट सहित विभिन्न आकर्षक झांकियां एवं धार्मिक स्वरूप भी शामिल किए जाएंगे। गाजे-बाजे, संकीर्तन और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या के साथ निकलने वाली यह यात्रा नगर में धार्मिक एवं उत्सवमय वातावरण का संदेश देगी।

सनातन धार्मिक परंपरा में पीला रंग मंगल, शुचिता, समृद्धि एवं सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। आयोजन समिति ने रायपुर एवं आसपास के सभी समाजों, मातृशक्ति तथा धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर महाराज इंद्रेश जी की श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर आयोजित मंगल कलश यात्रा को भव्य बनाने का आग्रह किया है।