रायपुर :- वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी आज नवा रायपुर में बाल्को मेडिकल सेंटर, eCancer तथा टाटा मेमोरियल सेंटर द्वारा आयोजित चतुर्थ वार्षिक **BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026** में शामिल हुए। “Restoring Balance to Cancer Care” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कैंसर केयर, स्वास्थ्य सेवाओं की भविष्य की चुनौतियों और देश की युवा आबादी को स्वस्थ बनाए रखने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। उन्होंने कहा कि यह युवा आबादी भारत की आर्थिक प्रगति की बड़ी ताकत है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवा शक्ति का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की समय पर जांच और शुरुआती पहचान पर जोर दिया।
श्री चौधरी ने कहा कि आने वाले 10 से 20 वर्षों में देश की जनसांख्यिकी में तेजी से बदलाव होगा और आबादी की औसत आयु बढ़ेगी। ऐसे में स्वास्थ्य क्षेत्र के सामने बड़ी चुनौतियां होंगी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मानव संसाधन तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की बुनियादी जरूरत है, इसलिए बेहतर चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ सेवाओं, शोध और आधुनिक उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देना आवश्यक है।
वित्त मंत्री ने छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य गठन के शुरुआती वर्षों में प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था। अब चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार हुआ है और आने वाले दो वर्षों में प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 20 से अधिक होने की दिशा में राज्य आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बाल्को मेडिकल सेंटर और आयोजन से जुड़े चिकित्सकों का प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आभार जताया।
कॉन्क्लेव में देश के विभिन्न हिस्सों से आए चिकित्सक, कैंसर विशेषज्ञ और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान कैंसर केयर को अधिक प्रभावी, संतुलित और मरीज-केंद्रित बनाने, नई तकनीकों तथा बेहतर उपचार पद्धतियों को अपनाने सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार-विमर्श किया। वित्त मंत्री ने देशभर से आए चिकित्सकों का नवा रायपुर में स्वागत करते हुए शहर के नियोजित विकास और हरित क्षेत्र से भी परिचित होने का आग्रह किया।


