रायपुर :- रायपुर में इन दिनों आस्था और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। राजधानी में प्रख्यात कथावाचक गुरुदेव इंद्रेश उपाध्याय जी के श्रीमुख से सात दिवसीय श्रीमद भगवत कथा का भव्य शुभारंभ हो गया है। कथा के प्रथम दिन ही विशाल पंडाल में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया।

कथा के दौरान महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अनुशासन के साथ बैठकर कथा का श्रवण किया। प्रथम दिवस गुरुदेव इंद्रेश उपाध्याय जी ने श्रीमद भगवत कथा के सार और उसके आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उनके प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया, वहीं बीच-बीच में गूंजे भजनों पर भक्त झूमते नजर आए।

मुख्य सेवादार गुंजन प्रजापति ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर बैठने, पेयजल और सुरक्षा समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। यह सात दिवसीय आयोजन 21 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार कथा के आगामी दिनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

श्रीमद भगवत कथा का यह आयोजन रायपुर में आस्था और आध्यात्मिकता का प्रमुख केंद्र बन गया है। सात दिनों तक चलने वाले इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालु गुरुदेव इंद्रेश उपाध्याय जी के श्रीमुख से कथा श्रवण कर भक्ति और आध्यात्मिक संदेशों का लाभ उठा रहे हैं। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का लाभ लेने की अपील की है।