रायपुर :- छत्तीसगढ़ में बुधवार को मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में अभी बारिश का दौर जारी है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग समेत आसपास के इलाकों में बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर बारिश के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल रही है। बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट महसूस की जा रही है।
बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर समेत कई इलाकों में बारिश का असर बना हुआ है। कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के साथ अचानक तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
वहीं धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग और बेमेतरा सहित कई जिलों में भी बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। इसके अलावा राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, मुंगेली, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए बारिश के दौरान लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित जगह पर रहें। तेज हवा के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं के आसपास खड़े होने से भी बचने की सलाह दी जाती है।


