रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अब कोई बाधा नहीं है और प्रदेश में विकास की गति और तेज होगी। रायपुर जिले के नगर निगम बीरगांव में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए करीब 110 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बीरगांव के सुनियोजित विकास के लिए स्टेट कैपिटल रीजन के तहत दीर्घकालीन रोडमैप तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बीरगांव में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के लिए 82 करोड़ रुपये, ओवरहेड टैंक एवं पाइपलाइन विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपये, सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ तथा सरोरा में खेल मैदान के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये की घोषणा की। इसके अलावा विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए 5 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर, स्ट्रीट लाइट, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रावांभाठा में मरम्मत एवं विद्युतीकरण, मांगलिक भवन, ई-लाइब्रेरी और छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल का जोन कार्यालय शुरू करने सहित कई कार्यों की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक गतिविधियों और बढ़ती आबादी के अनुरूप बीरगांव में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, सीवरेज और खेल सुविधाओं को मजबूत करने की जरूरत है। पिछले ढाई वर्षों में बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 160 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य मिल चुके हैं। कार्यक्रम में नगर निगम से संबंधित 94 करोड़ रुपये से अधिक, लोक निर्माण विभाग के 38 करोड़ रुपये से अधिक और नगरोत्थान योजना के करीब 16 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। उन्होंने बीरगांव के सात क्षेत्रों में सर्वे के बाद पात्र परिवारों को नियमानुसार आवासीय पट्टे देने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेट कैपिटल रीजन में रायपुर, दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों के साथ बीरगांव को भी शामिल किया गया है। इससे क्षेत्र के सुनियोजित और समन्वित विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय के निर्माण की भी घोषणा की और कहा कि ऑनलाइन रजिस्ट्री तथा स्वतः नामांतरण जैसी व्यवस्थाओं से नागरिकों को भूमि संबंधी सेवाएं आसान तरीके से मिल रही हैं। मुख्यमंत्री ने गरीब, महिला, श्रमिक, किसान और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि, मुख्यमंत्री गृह निर्माण सम्मान योजना और नोनी सुरक्षा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि के डेमो चेक प्रदान किए। सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों के पांव धुलवाकर, तिलक और आरती के साथ उनका सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री ने बीरगांव नगर निगम को दो नए अग्निशमन वाहन भी समर्पित किए। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बीरगांव के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है और मुख्यमंत्री द्वारा 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात से शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में बीरगांव क्षेत्र को 160 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य मिले हैं, जिनमें करीब 90 करोड़ रुपये के कार्य पूर्ण हो चुके हैं। कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


