रायगढ़ :- सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत रायगढ़ के खर्राघाट में 29.99 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों की मौजूदगी में विकास कार्यों की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता अभियान में श्रमदान कर नागरिकों को स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश दिया।
वित्त मंत्री चौधरी ने केलो नदी में डुबकी लगाकर नदी को नमन किया। उन्होंने कहा कि केलो नदी रायगढ़ की पहचान, आस्था और संस्कृति से जुड़ी है और इसके तटों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए स्थायी विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से नदी, घाटों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है।
परियोजना के तहत शनि मंदिर से खर्राघाट पुल तक करीब 2 किलोमीटर क्षेत्र का कायाकल्प किया जाएगा। इसमें सड़क का सुदृढ़ीकरण, नाली निर्माण, पाथवे, घाटों का विकास और नदी तट का सौंदर्यीकरण शामिल है। खर्राघाट में करीब 8.50 एकड़ क्षेत्र में ऑक्सीजोन विकसित किया जाएगा, जहां सघन पौधरोपण के साथ पार्किंग, पैदल पथ, व्यायाम और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ऑक्सीजोन और घाट के बीच सुरक्षित आवागमन के लिए मौजूदा पुल के नीचे अंडरपास भी बनाया जाएगा।
श्री चौधरी ने कहा कि खर्राघाट का विकास केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे नागरिकों के लिए स्वास्थ्य, हरियाली और मनोरंजन के बेहतर सार्वजनिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां मॉर्निंग और नाइट वॉक, व्यायाम तथा परिवारों के साथ समय बिताने के लिए सुविधाएं विकसित होंगी। उन्होंने बताया कि खर्राघाट से शनि मंदिर की दिशा में मरीन ड्राइव विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। परियोजना के लिए सीएसआर मद से 29.99 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति दी गई है और कार्य को दो वर्ष में पूरा किया जाना है।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह और नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान ‘लोकल फॉर वोकल’ प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसका वित्त मंत्री ने अवलोकन किया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी सहित जिला प्रशासन, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


