रायपुर। अनंत चतुर्दशी के साथ आज गणेश उत्सव का समापन हो जाएगा। राजधानी रायपुर में गणेश प्रतिमाओं की विदाई को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हालांकि प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते गणेश विसर्जन झांकी की तारीख में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। प्रशासन द्वारा पहले रविवार 27 सितंबर को झांकी निकालने की तारीख तय की गई थी, लेकिन अब इसे सोमवार 28 सितंबर को निकाले जाने पर विचार किया जा रहा है।
दरअसल, मौसम के बदले मिजाज और लगातार बारिश ने गणेश समितियों की चिंता बढ़ा दी है। राजनांदगांव में भी 25 सितंबर को प्रस्तावित झांकियों को बारिश के कारण एक दिन आगे बढ़ाकर 26 सितंबर को निकालने का फैसला लिया गया है। 35 गणेश झांकी समितियों ने बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया। बैठक के दौरान झांकी समिति के अध्यक्ष, एएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि तेज बारिश को देखते हुए गणेश झांकी समितियों के साथ बैठक की गई, जिसमें सर्वसम्मति से शनिवार 26 सितंबर को झांकी निकालने का निर्णय लिया गया है। वहीं रायपुर में भी झांकी की तारीख में बदलाव को लेकर प्रशासन और गणेश समितियों के बीच जल्द बैठक होने की संभावना है। बैठक के बाद झांकी के आयोजन की नई तारीख को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
रायपुर कमिश्नरेट मध्य जोन के डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि राजनांदगांव में गणेश झांकी विसर्जन की तारीख बदले जाने की जानकारी मिली है। रायपुर में अभी तारीख परिवर्तन को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। गणेश झांकी समितियों के साथ बैठक कर इस संबंध में चर्चा की जाएगी। इसके बाद ही राजधानी में झांकी की तारीख को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
र चर्चा की जाएगी.


