रायपुर :- छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, दुर्ग, रायपुर, राजनांदगांव, बालोद, कांकेर और धमतरी जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
वहीं बलरामपुर, सूरजपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, महासमुंद, गरियाबंद, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और कोरिया जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी जाती है। आकाशीय बिजली की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।


