रायपुर :- राजधानी रायपुर में कार चालकों का ध्यान भटकाकर वाहन के अंदर रखे कीमती सामान चोरी करने का एक नया तरीका सामने आया है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए एडवाइजरी जारी की है।
पुलिस के मुताबिक, हाल ही में थाना गंज में दर्ज एक मामले में आरोपियों ने कार चालक को यह कहकर रोका कि वाहन के बोनट के सामने ऑयल गिर रहा है या लीकेज हो रहा है। चालक ने कार को सड़क किनारे खड़ा किया और बोनट की जांच करने के साथ ही कार की सर्विसिंग से संबंधित व्यक्ति से संपर्क करने में व्यस्त हो गया।
इसी दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने कार के अंदर रखा बैग चोरी कर लिया। बैग में नकदी, बैंक से संबंधित दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामान रखा हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने लोगों को इस तरह के नए तरीके से सावधान रहने की अपील की है।
इन बहानों से रहें सावधान
पुलिस ने बताया कि बदमाश वाहन चालक का ध्यान भटकाने के लिए अलग-अलग बहानों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इनमें “ऑयल गिर रहा है”, “कार से आवाज आ रही है”, “टायर में कुछ समस्या है” जैसे बहाने शामिल हो सकते हैं।
पुलिस की लोगों से अपील
* रास्ते में कोई अनजान व्यक्ति वाहन में खराबी बताकर रोके तो तुरंत सतर्क हो जाएं।
* कार से बाहर निकलने से पहले उसमें रखा कीमती सामान अपने पास सुरक्षित कर लें।
* यदि कार में सामान रखा है तो वाहन को लॉक करके ही बाहर निकलें।
* अनजान व्यक्ति के कहने पर सड़क पर अचानक वाहन न रोकें।
* वाहन में किसी तरह की समस्या बताई जाए तो सुरक्षित स्थान पर जाकर उसकी जांच कराएं।
* किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में 112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रास्ते में अचानक मदद के नाम पर ध्यान भटकाने वाले लोगों से सावधान रहें। पुलिस के अनुसार, सतर्कता और सावधानी से इस तरह की घटनाओं से बचा जा सकता है।


