रायपुर :- रायपुर में विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल एवं छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट छत्तीसगढ़ मार्केट प्लेस-2026’ का आयोजन किया गया। नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक व्यू रिसॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को देश-विदेश के पर्यटन बाजार से जोड़ना और पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देना रहा। इसमें देश-विदेश के टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स, होटलियर्स, होम-स्टे संचालकों और पर्यटन क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि पर्यटन प्रकृति, संस्कृति, इतिहास, विरासत और स्थानीय अर्थव्यवस्था को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने बस्तर, सरगुजा, चित्रकोट, तीरथगढ़, सिरपुर, राजिम, भोरमदेव और बारनवापारा सहित प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यटन के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और ग्रामीण एवं जनजातीय समुदायों के लिए आजीविका के अवसर बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही है।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य पर्यटन कारोबारियों के बीच व्यावसायिक संबंध मजबूत करना और नए पर्यटन पैकेज विकसित करना है। उन्होंने बताया कि दिल्ली, भुवनेश्वर, पुणे और चेन्नई सहित विभिन्न शहरों में रोड शो एवं राष्ट्रीय पर्यटन आयोजनों में सहभागिता के परिणामस्वरूप 400 से अधिक ट्रैवल एजेंसियां पर्यटन मंडल से जुड़ी हैं। उन्होंने ट्रैवल एजेंट्स और टूर ऑपरेटर्स से छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को अपने पैकेज में शामिल करने का आह्वान किया।

पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक श्री सौमिल रंजन चौबे ने डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से पर्यटन को नई दिशा देने पर जोर दिया। प्रस्तुतीकरण में चित्रकोट, तीरथगढ़, कुटुमसर-कैलाश-दंडक गुफाएं, मैनपाट, जशपुर, बस्तर दशहरा, सिरपुर, भोरमदेव और अन्य पर्यटन स्थलों की संभावनाएं सामने रखी गईं। उन्होंने बताया कि होम-स्टे, डिजिटल रिजर्वेशन, निवेशक बैठक, रोड शो और विभिन्न पर्यटन विकास योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की पर्यटन सुविधाओं और बाजार पहुंच को मजबूत किया जा रहा है।

कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने पर्यटन को रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ने की आवश्यकता बताई। उन्होंने स्थानीय समुदायों को पर्यटन गतिविधियों में शामिल करने, डिजिटल मार्केटिंग एवं सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार बढ़ाने तथा पर्यटन साझेदारियों को वास्तविक विकास में बदलने पर जोर दिया। वहीं छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री जसप्रीत भाटिया ने पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने से क्षेत्र को नई दिशा मिलने की बात कही और शासन, विभाग तथा पर्यटन हितधारकों के समन्वय से कार्य करने पर बल दिया।

आयोजन में विभिन्न टूर ऑपरेटर्स, होटलियर्स और पर्यटन संस्थाओं ने प्रमोशनल स्टॉल लगाए तथा पर्यटन हितधारकों के बीच बीटूबी बैठक आयोजित हुई। इसमें पर्यटन पैकेज, व्यावसायिक साझेदारी और पर्यटकों को छत्तीसगढ़ लाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यटन हितधारकों को राज्य स्तरीय पुरस्कार भी प्रदान किए गए। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को बेस्ट टूरिज्म डिस्ट्रिक्ट प्रमोशन अवार्ड सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए तथा जिले के पुरातात्विक स्थलों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया।