रायपुर :- उज्बेकिस्तान के समरकंद में आयोजित 46वें FIDE चेस ओलंपियाड 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओपन वर्ग में रजत और महिला वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। इस उपलब्धि पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने शतरंज की बिसात पर प्रतिभा, एकाग्रता, धैर्य और रणनीतिक कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। ओपन वर्ग का रजत और महिला वर्ग का कांस्य पदक विश्व शतरंज के मंच पर भारतीय खिलाड़ियों की मजबूत मौजूदगी को दर्शाता है।

भारत ने ओपन और महिला वर्ग के संयुक्त प्रदर्शन के आधार पर प्रतिष्ठित नोना गैप्रिंडाशविली ट्रॉफी भी अपने नाम की। यह लगातार तीसरा चेस ओलंपियाड है, जिसमें भारत ने यह ट्रॉफी जीती है। इस उपलब्धि को भारतीय शतरंज के लिए महत्वपूर्ण सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।

वित्त मंत्री ने कहा कि भारतीय शतरंज खिलाड़ियों की यह उपलब्धि देश की नई पीढ़ी को इस खेल से जुड़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने भारतीय दल के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।