रायपुर :- राजधानी में गणेश झांकी चल समारोह आयोजित किया जाएगा। झांकी शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल तक पहुंचेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की है।
यातायात पुलिस के अनुसार,आज शाम 6 बजे से झांकी मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। केवल झांकी और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी। टाटीबंध की ओर से आने वाले वाहन महोबा बाजार, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन, फाफाडीह और शास्त्री चौक की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा रिंग रोड नंबर-1 से पचपेड़ी नाका मार्ग का भी उपयोग किया जा सकेगा।
भनपुरी की ओर से आने वाले वाहन फाफाडीह, रेलवे स्टेशन और तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध की ओर जा सकेंगे। वहीं फाफाडीह से शास्त्री चौक, कालीबाड़ी और पचपेड़ी नाका की ओर भी आवागमन किया जा सकेगा। तेलीबांधा की ओर से आने वाले वाहन शास्त्री चौक, फाफाडीह, रेलवे स्टेशन या कालीबाड़ी मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। पचपेड़ी नाका की ओर से आने वाले वाहन टिकरापारा, कालीबाड़ी, महिला थाना, शास्त्री चौक, फाफाडीह और रेलवे स्टेशन मार्ग से आवागमन कर सकेंगे।
झांकी के दौरान शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक/जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर–मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली, बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली, लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना तथा कंकालीपारा से सदर बाजार–कोतवाली मार्ग पर यातायात पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए भी अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पंडरी की ओर से आने वाले मल्टीलेवल पार्किंग और रजबंधा मैदान की गलियों में वाहन पार्क कर सकेंगे। सिविल लाइन की ओर से आने वाले शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान और सुभाष स्टेडियम के किनारे पार्किंग कर सकेंगे। टिकरापारा और कालीबाड़ी की ओर से आने वाले सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम और गांधी मैदान का उपयोग कर सकेंगे। गुढ़ियारी और समता कॉलोनी की ओर से आने वालों के लिए भैंसथान मैदान और जवाहर मार्केट पार्किंग तथा सुंदरनगर और रायपुरा की ओर से आने वालों के लिए लाखेनगर चौक स्थित हिंद स्पोर्ट्स मैदान निर्धारित किया गया है।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि आज शाम 6 बजे से झांकी चल समारोह के दौरान निर्धारित डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें। प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन न ले जाएं और यातायात पुलिस के निर्देशों में सहयोग करें, ताकि झांकी में शामिल श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की आवाजाही सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे।


