रायपुर :- उप मुख्यमंत्री एवं बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने बेमेतरा जिला मुख्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विभिन्न गतिविधियों के नोडल अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल सहित विधायक दीपेश साहू और ईश्वर साहू भी बैठक में मौजूद रहे।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि शासन-प्रशासन को जनता के प्रति अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और सेवाभावी बनाने का संकल्प है। उन्होंने सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने और अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

अभियान के तहत बेमेतरा जिले के चारों विकासखंड बेमेतरा, बेरला, नवागढ़ और साजा में सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा ग्राम पंचायतों से होकर सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश देगी। उप मुख्यमंत्री ने यात्रा के रूट चार्ट, सुरक्षा व्यवस्था और जनभागीदारी पर विशेष ध्यान देने के साथ जिला मुख्यालय में यात्रा के समापन और सभा आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक में "सेवा का रंग, राष्ट्र के संग" थीम पर रंगोली कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों में संदेशपरक रंगोली बनाने के साथ महिला स्वसहायता समूहों, स्कूली छात्राओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और किशोरियों की शत-प्रतिशत भागीदारी के साथ स्वास्थ्य जांच, पोषण परामर्श और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।

उप मुख्यमंत्री ने स्कूलों में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल गतिविधियों को भी अनिवार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने सभी शालाओं में प्रतिदिन खेल पीरियड और नियमित अभ्यास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेमेतरा जिला नवाचार के क्षेत्र में आगे रहा है और सेवा संकल्प अभियान के सफल आयोजन में भी जिला प्रदेश के लिए मिसाल बनेगा। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, विभिन्न जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।