रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर, नागरिकों को सरल एवं पारदर्शी शासकीय सेवाएं और नई पीढ़ी को आधुनिक कौशल उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में रोजगार, डिजिटल गवर्नेंस और कौशल विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण पहलों को आगे बढ़ाया गया। इस दौरान नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त उप अभियंताओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर भविष्य के छत्तीसगढ़ की आकांक्षाओं का शहर है, जिसके विकास में युवा अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने नवनियुक्त अभियंताओं से गुणवत्ता, समयबद्धता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति 2024-30 के तहत अब तक 8.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों के एमओयू हुए हैं और आने वाले वर्षों में करीब पौने दो लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) और कॉमन सर्विस सेंटर के बीच एमओयू भी हुआ। इसके तहत सेवा सेतु पोर्टल और कॉमन सर्विस सेंटर के डिजिटल प्लेटफॉर्म को जोड़ा जाएगा, जिससे नागरिकों को अधिक शासकीय सेवाएं नजदीकी केंद्रों पर उपलब्ध हो सकेंगी। वर्तमान में सेवा सेतु के माध्यम से 38 विभागों की 907 सेवाएं 16,619 केंद्रों से ऑनलाइन उपलब्ध हैं। वहीं 28,450 सक्रिय कॉमन सर्विस सेंटरों के जरिए 600 से अधिक शासकीय एवं व्यावसायिक सेवाएं दी जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा सेतु को नागरिक सेवाओं के व्यापक डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया जा रहा है। केंद्र सरकार की 166 सेवाओं को भी इससे जोड़ने की प्रक्रिया जारी है, जिससे एक हजार से अधिक सेवाएं एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सेवाओं का उद्देश्य नागरिकों को अनावश्यक कार्यालयी चक्कर से बचाना और सेवाओं की डिलीवरी में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाना है। नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 भी शुरू की गई है।
इस अवसर पर नवा रायपुर में नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना के लिए 10 एकड़ भूमि आवंटन का पत्र सौंपा गया। लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस संस्थान में प्रतिवर्ष करीब 4 हजार युवाओं को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। संस्थान में लगभग 20 ट्रेड में प्रशिक्षण की व्यवस्था प्रस्तावित है, जिसे उद्योगों और रोजगार बाजार की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर राष्ट्रीय स्तर के शिक्षा और कौशल संस्थानों के केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने नवनियुक्त अभियंताओं से ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी और नवनियुक्त अभियंता उपस्थित रहे।


