रायपुर :- जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी इन दिनों अपने एक नए अंदाज को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। राजनीति के बीच अब वह सिंगिंग में भी हाथ आजमाते नजर आ रहे हैं। जल्द ही उनका एक नया गीत रिलीज होने वाला है, जिसकी झलक उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की है।
अमित जोगी ने अपने फेसबुक पोस्ट के जरिए बताया कि वह एक शॉर्ट फिल्म लॉन्च करने पहुंचे थे, लेकिन वहां पहुंचकर खुद ही एक गीत रिकॉर्ड कर बैठे। उन्होंने Gaurav R Music में हुई रिकॉर्डिंग से जुड़ा एक छोटा वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें वह गाने के साथ कौए की आवाज निकालते हुए नजर आ रहे हैं।
अपने पोस्ट में अमित जोगी ने लिखा कि कुछ बातें शब्दों में नहीं कही जातीं, उन्हें बस गा दिया जाता है। उन्होंने रिकॉर्डिंग सेशन की इस झलक के साथ बताया कि पूरा गीत गांधी जयंती के मौके पर रिलीज किया जाएगा। उनके इस नए प्रयोग को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है।
अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अमित जोगी का यह नया गीत कैसा होगा और इसे लोगों की कैसी प्रतिक्रिया मिलेगी। फिलहाल, उनके ‘कौआ’ वाली आवाज के इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर खूब ध्यान खींचा है और गीत के पूरे वर्जन का इंतजार किया जा रहा है।


