रायपुर :- अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग की ओर से रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में ‘सियान सेवा महाकुंभ’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने वरिष्ठजनों से संवाद कर उन्हें वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं। आयोजन में 4 हजार से अधिक वरिष्ठजन लाभान्वित हुए।

कार्यक्रम में ‘सियान आशीष सेवा योजना’ के तहत 80 वर्ष से अधिक आयु के 1810 वरिष्ठ नागरिकों को देशभर में निशुल्क यात्रा के लिए बस पास वितरित किए गए। इसके अलावा जरूरतमंद वरिष्ठजनों को 2 हजार छड़ियां, एक हजार श्रवण यंत्र और 20 ट्राइसाइकिल भी प्रदान की गईं। इन सुविधाओं का उद्देश्य वरिष्ठजनों की यात्रा और दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाना है।

मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि वरिष्ठजन प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और जीवन अनुभव के संवाहक हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार वरिष्ठजनों के कल्याण को केवल पेंशन तक सीमित नहीं रख रही है, बल्कि स्वास्थ्य, देखभाल, आवागमन, सामाजिक सहभागिता और गरिमापूर्ण जीवन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं से 15 लाख 90 हजार 80 वरिष्ठजन लाभान्वित हो रहे हैं।

मंत्री ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, योजना के माध्यम से अब तक 2 लाख 55 हजार 845 वरिष्ठजनों को आध्यात्मिक यात्रा का लाभ मिल चुका है। उन्होंने वरिष्ठजनों के लिए संचालित सियान हेल्पलाइन 155326, वृद्धाश्रम, अटल वयो अभ्युदय योजना, प्रशामक देखरेख गृह और सियान गुड़ी जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य वरिष्ठजनों को सुरक्षित, आत्मीय और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर रायपुर जिला प्रशासन ने ‘प्रोजेक्ट सियान आशीष सेवा’ और ‘प्रोजेक्ट सियान श्रम सम्मान’ की शुरुआत की। आशीष सेवा के तहत 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को देशभर में यात्रा के लिए निशुल्क बस पास उपलब्ध कराने की पहल की गई है। वहीं, सियान श्रम सम्मान के तहत लंबे समय से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को संबंधित योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में वरिष्ठजन मौजूद रहे।