रायपुर :- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत लोक भवन परिसर के बाहर स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने स्वयं साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
राज्यपाल डेका ने लोक भवन परिसर में स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता करते हुए झाड़ू लगाई और कचरे को एकत्रित किया। इसके बाद कचरे का उचित निपटान किया गया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
लोक भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी गांधी जयंती के अवसर पर परिसर के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर परिसर के साथ स्वच्छ समाज के निर्माण के लिए हर नागरिक की सहभागिता जरूरी है। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता, जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।


