रायपुर :- उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने बिलासपुर के बहतराई स्थित खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान किया। उन्होंने एशियन गेम्स-2026 में कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतने वाली संजू देवी और जूनियर हॉकी एशिया कप-2026 की स्वर्ण पदक विजेता मधु सिदार व गीता यादव को सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने की।
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा संजू देवी के लिए घोषित 51 लाख रुपये की सम्मान राशि का चेक सौंपा गया। वहीं मधु सिदार और गीता यादव को 11.12-11.12 लाख रुपये का विशेष सहायता पैकेज देने की घोषणा की गई। दोनों खिलाड़ियों को तत्काल 2-2 लाख रुपये की एकमुश्त सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए गए। उपमुख्यमंत्री ने तीनों खिलाड़ियों के साथ उनके परिजनों को भी शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और खेल अधोसंरचना मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पुरुष हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। उनके अनुसार छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य होगा, जो इस तरह की हॉकी लीग आयोजित करेगा। लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है और इसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बहतराई के इसी खेल केंद्र में खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण लेकर अपनी प्रतिभा को निखारा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और बेहतर नागरिक बनने की क्षमता विकसित करने का जरिया भी है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत करते हुए हर दिन खुद को बेहतर बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अरुण साव ने खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र के प्रशासनिक भवन में नवनिर्मित ऑडियो-वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम का उद्घाटन भी किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना के लिए बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके जरिए खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक सुशांत शुक्ला ने बहतराई जिला खेल परिसर में खेल सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से खेल मैदानों, हाई मास्ट लाइट सहित अन्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, जबकि करीब 3 करोड़ रुपये से वातानुकूलन सहित जरूरी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। कार्यक्रम में खेल संघों के पदाधिकारी, अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेलप्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


