रायपुर :-मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में नवनियुक्त छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी एवं भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी से मुलाकात की। सीएम साय ने उनके आवास पहुंचकर प्रदेश प्रभारी का नया दायित्व मिलने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ के विकास, डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान बस्तर के विकास और वहां बदलते सामाजिक एवं विकासात्मक परिदृश्य को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
सीएम साय ने कहा कि स्मृति ईरानी का राष्ट्रीय स्तर का अनुभव, संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और राष्ट्रसेवा का भाव छत्तीसगढ़ में भाजपा संगठन को और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि स्मृति ईरानी के मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और जनसेवा के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।


