धमतरी :- ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गांधी जयंती और अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर धमतरी में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेनोनाइट हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने जिले के करीब 500 महिला एवं पुरुष बुजुर्गों से मुलाकात की और उन्हें शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। मंत्री टंक राम वर्मा ने 40 हितग्राहियों को स्वामित्व प्रमाण पत्र वितरित किए। इसके अलावा दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को व्हीलचेयर सहित जरूरी सहायक उपकरण दिए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई
राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में मंत्री वर्मा ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी की और उन्हें पोषण किट प्रदान की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण कर शासन की योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी भी ली। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर मंत्री ने स्वयं ब्लड प्रेशर की जांच कराई और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का जायजा लिया।
‘वरिष्ठजनों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव और संस्कार नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान केवल किसी विशेष दिवस या कार्यक्रम तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी सुविधाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद वर्गों के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
देहदान-अंगदान को बताया मानवता की बड़ी सेवा
मंत्री वर्मा ने देहदान और अंगदान करने वाले नागरिकों के योगदान की सराहना करते हुए इसे मानवता की बड़ी सेवा बताया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति की ऊर्जा यदि शिक्षा, सेवा और राष्ट्र निर्माण में लगाई जाए, तो देश को नई दिशा मिल सकती है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे। कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।


