रायगढ़ :- सेवा संकल्प अभियान के तहत पुसौर विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल पंचपारा में विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता सह-प्रदर्शनी और शिक्षकों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों से संवाद कर उनकी रुचियों, प्रतिभा और भविष्य के लक्ष्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर के चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। बच्चों ने ‘विकसित भारत-2047’ की अपनी कल्पना को चित्रों के जरिए रंगों में उकेरा, वहीं भाषण प्रतियोगिता में विभिन्न विषयों पर आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखे। प्राथमिक स्तर पर चित्रकला में संजना प्रजापती, रोशनी चौहान और परिधी चौहान ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया। भाषण में फातिमा महंत, कुमकुम श्रीवास और पूजा चौहान विजेता रहीं।

माध्यमिक स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में प्राची मेहर ने प्रथम, मिथिला पटेल ने द्वितीय और भूमिका निषाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में मीनाक्षी साहू, शिबिका कुमारी और महिमा गुप्ता क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहीं। हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर की चित्रकला में गरिमा पटेल, नियति प्रधान और योगेश संजय ने स्थान प्राप्त किए, जबकि भाषण प्रतियोगिता में तुषार चौहान, प्रिन्सी पटेल और रूची चौधरी विजेता रहे।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। उन्होंने रायगढ़ में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, नर्सिंग कॉलेज, संगीत महाविद्यालय और नालंदा परिसर का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से इन अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य तय कर आगे बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 5वीं और 8वीं के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से शिक्षकों की विशेष कार्यशाला भी आयोजित की गई। शिक्षकों को नवोदय, एकलव्य, जवाहर उत्कर्ष, सैनिक स्कूल, प्रयास, राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य परीक्षा और श्रेष्ठा जैसी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य भाग्यवती डोल नारायण, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और विभिन्न संकुलों के सीएसी मौजूद रहे।