रायगढ़ :- ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत पुसौर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विशाल निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के अलग-अलग गांवों से पहुंचे 3493 लोगों की आंखों की जांच की गई। जांच के बाद 3165 जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे और करीब 800 लोगों को दवाइयां वितरित की गईं। लोगों की सुविधा के लिए 14 पंजीयन काउंटर बनाए गए थे, जबकि 10 से अधिक नेत्र विशेषज्ञ और 38 नेत्र सहायकों ने जांच में सेवाएं दीं।

शिविर का वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने अवलोकन किया। उन्होंने हितग्राहियों को अपने हाथों से चश्मे पहनाए और पांच लोगों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए। वित्त मंत्री ने शिविर में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों को प्रशस्ति पत्र और शाल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आंखों की नियमित जांच बेहद जरूरी है, खासकर बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्या समय रहते सामने आने से उनकी पढ़ाई पर पड़ने वाले प्रभाव को कम किया जा सकता है।

ओपी चौधरी ने कहा कि बीमारी के लक्षण सामने आने का इंतजार करने के बजाय लोगों को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ को केवल उत्सव तक सीमित न रखकर जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का माध्यम बनाया गया है। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ एनएसएस और स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने भी वालंटियर के रूप में पंजीयन, जांच और चश्मा वितरण में सहयोग किया। लोगों के लिए पेयजल, भोजन, स्वल्पाहार और छाया की व्यवस्था भी की गई थी।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि शिविर को लेकर एक सप्ताह तक ग्राम पंचायतों में प्रचार-प्रसार किया गया और जिले की 550 से अधिक पंचायतों से लोगों को शिविर तक लाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई। उन्होंने बताया कि जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 45 हजार बच्चों की नेत्र जांच भी की जा रही है। कलेक्टर ने पालकों से बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों पर नियमित बातचीत करने की अपील की।

शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने निःशुल्क जांच और मौके पर चश्मा मिलने की सुविधा को राहतभरा बताया। झारमुड़ा की सतरूपा पटेल, बायंग की योगिता महंत और बुनगा की पार्वती मैत्री सहित अन्य हितग्राहियों ने शिविर में मिली स्वास्थ्य सुविधाओं पर खुशी जताई। कार्यक्रम में पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष मानी मोहित सतपथी, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता चौहान, जिला पंचायत सदस्य सहित जनप्रतिनि