रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर दौरे पर है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित पहले सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया जा रहा है। सिंगापुर प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री ने विभिन्न संस्थानों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्व प्रसिद्ध गार्डन्स बाय द बे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान संस्थान की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन, उद्यान प्रबंधन और शहरी हरियाली से जुड़ी कार्यप्रणालियों की जानकारी ली गई। बैठक में उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरित क्षेत्र, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्र में संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों और जैव विविधता से समृद्ध राज्य है। गार्डन्स बाय द बे के अनुभवों का उपयोग नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन के विकास, बेहतर लैंडस्केपिंग और प्रदेश में हरित क्षेत्रों के विस्तार के लिए किया जा सकता है। इससे पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के नए अवसर भी विकसित किए जा सकते हैं।

शाम को मुख्यमंत्री सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित लीडरशिप डिनर में शामिल हुए। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन मार्क ली और सीईओ कोक पिंग सून सहित विभिन्न कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान भारत के राज्यों और सिंगापुर के कारोबारी समुदाय के बीच निवेश, व्यापार और आर्थिक साझेदारी को लेकर संवाद हुआ।

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योग जगत के सामने छत्तीसगढ़ को निवेश के संभावित गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया और प्रदेश की औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, एमएसएमई, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने उद्योग जगत को विकसित छत्तीसगढ़ की यात्रा में भागीदारी का न्योता दिया। मुख्यमंत्री 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में शामिल होंगे, जबकि 6 अक्टूबर को प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ CEO राउंडटेबल में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।