रायपुर :- छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का दौर जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों से मानसून की वापसी हो चुकी है और आने वाले 2 से 3 दिनों में राज्य के कुछ और हिस्सों से इसके विदा होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनने की संभावना है। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, जिसके चलते दिन के तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी का अहसास हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है, जबकि रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने से ठंडक बढ़ने के संकेत हैं। वर्तमान में प्रदेश में कोई मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है और फिलहाल किसी तरह की चेतावनी भी जारी नहीं की गई है।
राजधानी रायपुर में 5 अक्टूबर को आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने यहां अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। ऐसे में दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंडक का असर देखने को मिल सकता है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। इस दौरान राजनांदगांव में 35.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस अवधि में प्रदेश में बारिश का आंकड़ा शून्य रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा वर्तमान में सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर गुजर रही है। अगले 2-3 दिनों में महाराष्ट्र के मराठवाड़ा, विदर्भ के अधिकांश हिस्सों के साथ छत्तीसगढ़ के कुछ और इलाकों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश से दक्षिण बिहार होते हुए विदर्भ तक एक द्रोणिका बनी हुई है।


