रायपुर :- दिल्ली में कांग्रेस की प्रस्तावित बैठक को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी समय-समय पर अपना रंग बदलती रहती है। SIR को लेकर कांग्रेस के विरोध पर भी उन्होंने सवाल उठाया और कहा कि जब पहले इसका विरोध किया जा चुका है तो दोबारा विरोध क्यों किया जा रहा है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल SIR को लेकर लगातार विरोध दर्ज करा रहे हैं।
युवा कांग्रेस चुनाव में चल रही आपसी खींचतान को लेकर भी पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार में शराब घोटाले का पैसा बराबर नहीं बंटा, जिसका असर अब पार्टी के भीतर की खींचतान के रूप में दिखाई दे रहा है। वहीं कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि उनका स्वागत किया जा चुका है और वे बार-बार छत्तीसगढ़ आएं, इससे भाजपा की रणनीति और मजबूत होगी।
कोल लेवी मामले में आरोपियों की पेशी और जांच को लेकर भाजपा विधायक ने कहा कि संबंधित एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में जिन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज हैं, उनके खिलाफ चालान पेश किए जा रहे हैं। पुरंदर मिश्रा के मुताबिक जांच और कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ने के साथ मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और चालान पेश होने के बाद पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।
वहीं, पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस की राजनीति और उसके मौजूदा रुख को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि देश को आजादी 1947 में मिल चुकी है, लेकिन कांग्रेस के ऊपर से गुलामी का साया अब तक नहीं हटा है। उनके इन बयानों के बीच SIR को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों की ओर से चुनाव प्रक्रिया तथा मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर लगातार विरोध और आंदोलन किए जा रहे हैं।


