रायपुर :- प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 7 और 8 अक्टूबर 2026 को बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य और कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता में होने वाले इस आयोजन में युवाओं को 8 हजार से अधिक पदों पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।
रोजगार मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों की विभिन्न रिक्तियों के लिए युवा आवेदन कर सकेंगे। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, जिससे युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के बेहतर विकल्प मिल सकें।
इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी प्राप्त कर रोजगार मेले के लिए अपना पंजीयन करा सकते हैं। रोजगार मेले में शामिल होने वाले युवाओं को विभिन्न कंपनियों और प्रतिष्ठानों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी लेने के साथ अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन करने का अवसर मिलेगा। चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के दौरान ऑफर लेटर भी प्रदान किए जाने की तैयारी है।
शासन की ओर से रोजगार मेले में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। विभागों और जिलों को भी युवाओं तक मेले की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। यह आयोजन युवाओं को निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित संस्थानों और उद्योगों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा।


