गरियाबंद :- खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से प्रदेश के युवाओं और स्वैच्छिक संगठनों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए युवा रत्न सम्मान योजना संचालित की जा रही है। सामाजिक-सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवा और संगठन इस सम्मान के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

योजना के तहत असाधारण एवं विशिष्ट सेवा कार्य के लिए एक युवा को 2.50 लाख रुपयेऔर एक स्वैच्छिक संगठन को 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा सामाजिक, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, महिला एवं बाल विकास, मीडिया, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, कला-संगीत और लोककला जैसे क्षेत्रों में भी युवा रत्न सम्मान दिया जाएगा।

प्रत्येक क्षेत्र में चयनित युवा को 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ पदक, प्रमाण पत्र और शॉल प्रदान किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास श्रेणी का सम्मान केवल महिलाओं और बालिकाओं को दिया जाएगा। किसी व्यक्ति, संगठन या संस्था को एक ही श्रेणी में यह सम्मान एक से अधिक बार नहीं दिया जाएगा।

सम्मान के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना जरूरी है और उसकी आयु निर्धारित नियमों के अनुसार 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इच्छुक पात्र युवा और संगठन अपने आवेदन 30 अक्टूबर 2026 तक कार्यालयीन समय में कार्यालय कलेक्टर, खेल एवं युवा कल्याण, जिला गरियाबंद में जमा कर सकते हैं।