उत्तर बस्तर कांकेर :- सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को कांकेर में सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा में बाइक रैली के साथ पदयात्रा भी निकाली जाएगी। बाइक रैली में करीब 500 लोगों के शामिल होने की संभावना है, जबकि पदयात्रा में भी बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है।

सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों को लेकर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की बैठक लेकर आयोजन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने यात्रा के सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने बताया कि सेवा ज्योति यात्रा में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को 7 अक्टूबर को सुबह 8 बजे नया बस स्टैंड के पास स्थित डोम में उपस्थित होना होगा। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होकर सेवा संकल्प अभियान में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की।

समीक्षा बैठक के बाद कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ नया बस स्टैंड के पास स्थित डोम का निरीक्षण किया। उन्होंने सेवा ज्योति यात्रा के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, उपाध्यक्ष उत्तम यादव, महेश जैन, राजा देवनानी, राजा पाण्डे, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे, एसडीएम कांकेर सरस्वती बंजारे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।