रायपुर :- कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के छत्तीसगढ़ दौरे और जगदलपुर में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस और सुखदेव भगत पर निशाना साधते हुए बाढ़ के दौरान उनकी मौजूदगी को लेकर सवाल उठाए हैं।

बाढ़ के समय नहीं आए, अब राजनीति करने आ रहे- अजय चंद्राकर

अजय चंद्राकर ने कहा कि बस्तर में जब बाढ़ की स्थिति बनी हुई थी, उस समय सुखदेव भगत वहां नहीं पहुंचे। अब स्थिति सामान्य होने और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने के बाद उनका बस्तर दौरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब जो कुछ हो रहा है, वह राजनीति है। भाजपा विधायक ने कहा कि बाढ़ के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तत्काल बस्तर पहुंचे थे और प्रभावित लोगों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया था। सरकार की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक राहत और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

झारखंड को लेकर भी साधा निशाना

अजय चंद्राकर ने सुखदेव भगत पर निशाना साधते हुए झारखंड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सुखदेव भगत को पहले यह देखना चाहिए कि झारखंड में सरकार क्यों नहीं बन पाई और इसके पीछे क्या कारण रहे।

कोल घोटाले की चार्जशीट पर बोले अजय चंद्राकर

कोल घोटाले में ACB-EOW की ओर से कांग्रेस नेताओं समेत 12 लोगों के खिलाफ चालान पेश किए जाने को लेकर भी अजय चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी ने अपनी जांच की है और अब यह मामला न्यायालय के समक्ष है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनमें कांग्रेस के बड़े नाम शामिल हैं। अजय चंद्राकर ने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों की गतिविधियों की जानकारी जांच एजेंसी के पास है और अब आगे की प्रक्रिया न्यायालय में होगी।

चिंतामणि महाराज के नाम को लेकर भी पलटवार

कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव की ओर से जांच के दौरान चिंतामणि महाराज का नाम हटाए जाने के आरोप पर भी अजय चंद्राकर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी को पता है कि किसका नाम जांच में है और किसका नहीं। उन्होंने कहा कि यदि देवेंद्र यादव को लगता है कि किसी व्यक्ति का नाम जांच से हटाया गया है, तो उन्हें इसकी जानकारी न्यायालय के समक्ष रखनी चाहिए।