रायपुर :- छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर तेज धूप के चलते गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया। हालांकि शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। प्रदेश के मुंगेली और बलरामपुर जिले में हल्की बारिश भी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम में बदलाव का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है।
रायपुर में आज बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस** दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बुधवार को शाम या रात के समय बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश के कुछ हिस्सों में हो सकती है हल्की बारिश
मौसम विभाग के अनुसार,7 अक्टूबर को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। अगले दो दिनों तक भी इसी तरह की मौसमी गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं। हालांकि, फिलहाल प्रदेशभर में कोई उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं हुई है।
राजनांदगांव में सबसे ज्यादा तापमान
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। मुंगेली और बलरामपुर जिले में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
जाते-जाते बारिश करा सकता है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम की गतिविधियों में बदलाव देखने को मिल रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर आगे बढ़ रही है। वहीं दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर ऊपर तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
इसके प्रभाव से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका भी बनी हुई है। इन मौसमी सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक बादल और हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। यानी मानसून की विदाई से पहले प्रदेश के कुछ हिस्सों में एक बार फिर बारिश दस्तक दे सकती है।


