रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर के तीन दिवसीय दौरे के बाद छत्तीसगढ़ लौट आए हैं। 3 से 6 अक्टूबर तक चले दौरे के बाद रायपुर एयरपोर्ट पर उन्होंने मीडिया से बातचीत में यात्रा की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंगापुर में आयोजित इंडिया ग्रोथ फोरम 2026 में उन्होंने छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को उद्योग जगत के सामने रखा, जिसके बाद प्रदेश में निवेश के लिए कुल 43,600 करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिले हैं।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सिंगापुर के उद्योग जगत से जुड़े कई प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों के धरातल पर आने से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि एनर्जी कैपिटल ग्लोबल ने 41,750 करोड़ रुपये, एग्री बिजनेस वैल्यू इंटरनेशनल ने करीब 350 करोड़ रुपये और सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी ने सोलर सेक्टर में करीब 1,500 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है।
सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्रदेश में सोलर सेक्टर के साथ बैटरी स्टोरेज और उससे जुड़े कंपोनेंट के क्षेत्र में काम करेगी। वहीं, एग्री बिजनेस से जुड़े निवेश से कृषि आधारित गतिविधियों और वैल्यू एडिशन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार निवेश प्रस्तावों को लेकर गंभीरता से काम कर रही है और कंपनियों को छत्तीसगढ़ में कारोबार के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
दौरे के दौरान IT एजुकेशन सर्विस के साथ एक एमओयू भी हुआ है। मुख्यमंत्री साय ने संस्था के आईटी परिसर का दौरा किया और वहां संचालित कौशल विकास मॉडल की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार जो भी एमओयू कर रही है, उन्हें जांच-परख के बाद ही आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि निवेश प्रस्तावों और समझौतों को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा, ताकि इसका सीधा लाभ प्रदेश की जनता और युवाओं को मिल सके।
वहीं, मुख्यमंत्री साय ने बीजेपी के सेवा ज्योति कार्यक्रम को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। इसी अवसर पर देशभर में 13 तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें सेवा ज्योति कार्यक्रम भी शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आज देशवासियों को संबोधित करेंगे, जिसे जिला मुख्यालयों पर सुना जाएगा।


