रायपुर :- छत्तीसगढ़ के नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर को दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में होने वाले इस रोजगार मेले में करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और तकनीकी कौशल रखने वाले युवा हिस्सा ले सकेंगे।
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से आयोजित इस मेले में अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों ने करीब 9 हजार 449 रिक्त पदों की जानकारी दी है। रोजगार मेले का मुख्य कार्यक्रम 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत कई मंत्री, विधायक और सांसद शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे।
मेले में 10वीं और 12वीं पास युवाओं से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक, MBA और MCA सहित विभिन्न योग्यताओं वाले अभ्यर्थियों के लिए अवसर उपलब्ध हैं। मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, रिलेशनशिप मैनेजर और मैकेनिकल इंजीनियर जैसे पदों पर भर्ती की जाएगी।
इसके अलावा बैंकिंग, फाइनेंस, एचआर, नर्सिंग, केयरटेकर, सुरक्षा सेवाओं, ड्राइविंग, डिलीवरी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर जैसे क्षेत्रों में भी नौकरी के अवसर मिलेंगे। रोजगार मेले में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, एयरटेल पेमेंट बैंक, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, एनआईआईटी, आइसेक्ट समेत कई कंपनियां और संस्थाएं हिस्सा लेंगी। चयनित युवाओं को 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मौजूदगी में ऑफर लेटर भी दिए जाएंगे।
इच्छुक युवा छत्तीसगढ़ के आधिकारिक ई-रोजगार पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। पोर्टल पर अलग-अलग कंपनियों की रिक्तियों और पदों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, जहां युवा अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। सरकार का उद्देश्य इस रोजगार मेले के जरिए प्रदेश के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।


