रायपुर :- शहर के व्यस्ततम एमजी रोड स्थित रात्रि चौपाटी पर बेतरतीब और अवैध पार्किंग के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। चौपाटी आने वाले लोगों द्वारा सड़क किनारे अनियंत्रित तरीके से वाहन खड़े किए जाने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बन रही थी। इससे स्टेशन की ओर आने-जाने वाले यात्रियों और आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने अब ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर ट्रैफिक अमले ने नो-पार्किंग और अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों को हटाने के लिए क्रेन और व्हील लॉक का इस्तेमाल शुरू किया है। दोपहिया वाहनों को क्रेन से उठाया जा रहा है, जबकि चार पहिया वाहनों में व्हील लॉक लगाकर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि कार्रवाई से पहले वाहन चालकों को माइक और लाउडस्पीकर के जरिए वाहन हटाने की चेतावनी दी जा रही है। इसके बावजूद यदि कोई वाहन चालक निर्देशों की अनदेखी करता है या लापरवाही बरतता है, तो उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान और वाहन जप्त करने जैसी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य एमजी रोड और चौपाटी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।

यातायात पुलिस ने चौपाटी आने वाले नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े न करें और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। पुलिस ने लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि सड़क पर गलत तरीके से पार्किंग करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।