कोरबा :- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध जुआ फड़ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम उतरदा के शक्ति खर्रा जंगल में तिरपाल लगाकर बड़े पैमाने पर जुआ खिलाया जा रहा है। यहां जुआ खेलने पहुंचने वाले लोगों से करीब 500 रुपये एंट्री फीस लिए जाने की भी जानकारी पुलिस को मिली थी।
सूचना के आधार पर हरदीबाजार थाना प्रभारी आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जंगल में दबिश दी और मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही कई जुआरी जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने पीछा कर तीन लोगों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान मौके से तीन बाइक, दो मोबाइल फोन, 5,400 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश लहरें निवासी बुडगहन, पवन कुमार पटेल निवासी निरतु और नंदकुमार पटेल निवासी दीपका के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के दौरान कई अन्य जुआरी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने ग्राम नेवसा निवासी हरि साहू पर जुआ फड़ संचालित करने और सत्य प्रकाश पटेल पर जुआरियों से नाल वसूली करने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार जुआ खेलने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से करीब 500 रुपये एंट्री के नाम पर लिए जाते थे। दोनों आरोपी पुलिस की दबिश के दौरान मौके से फरार हो गए। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।


